एडीओ पंचायत कार्यालय एवं सचिव के ठीक बगल में कचरे का ढेर, स्वच्छ भारत मिशन की उड़ रही धज्जियां
सेमरियावां।संतकबीरनगर
जहां एक ओर सरकार स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव-गांव साफ़-सफाई का संदेश दे रही है, वहीं सेमरियावां ब्लॉक मुख्यालय में इसके ठीक उलट हालात देखने को मिल रहे हैं।
सचिव कार्यालय व सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) कार्यालय के बगल में लंबे समय से कचरे का अंबार लगा हुआ है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस ओर नहीं पड़ रही है। ब्लॉक परिसर में फैली गंदगी न सिर्फ आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है, बल्कि अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह कचरे का ढेर एडीओ पंचायत कार्यालय के बिल्कुल पास मौजूद है, इसके बावजूद न तो सफाई की कोई व्यवस्था की गई और न ही संबंधित कर्मियों को कोई निर्देश दिए गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्लॉक मुख्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी परिसर में इस तरह की गंदगी से संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है। साथ ही, बाहर से आने वाले ग्रामीणों और फरियादियों पर भी इसका गलत संदेश जाता है। अब सवाल यह उठता है कि जब ब्लॉक स्तर के अधिकारी ही स्वच्छता को लेकर गंभीर नहीं हैं, तो ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था कैसे सुधरेगी। लोगों ने जिला प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेकर सफाई कराने की मांग की है। इस सम्बन्ध में एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी ने बताया कि जल्द ही कचरे की ढेर को हटाया जायेगा।
रिपोर्ट: अतहरुल बारी
0 Comments