संतकबीरनगर। आगामी त्यौहार बकराईद (ईद-उल-अजहा) को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना दुधारा परिसर में पीस कमेटी (शांति समिति) की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक थाना प्रभारी दुधारा श्री अमित कुमार कुशवाहा की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें थाना क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने सभी लोगों से त्यौहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और आपसी भाईचारा बनाए रखें। असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न की जाए तथा शासन-प्रशासन के सभी नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही कुर्बानी किए जाने वाले जानवरों के फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने पर सख्त मनाही की गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। कुर्बानी के बाद अवशेषों को सार्वजनिक स्थानों पर न फेंककर निर्धारित स्थानों पर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी श्री अमित कुमार कुशवाहा ने कहा,
“त्यौहार खुशियों और भाईचारे का प्रतीक हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन आपकी सुरक्षा और सहयोग के लिए हर समय तत्पर है।”
बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और त्यौहार को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट- अतहरुल बारी
0 Comments