गाजियाबाद: खोड़ा थाना क्षेत्र की लोकप्रिय विहार कॉलोनी में शुक्रवार रात करीब 12 बजे सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात सामने आई। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी 35 वर्षीय पत्नी और 15 साल की बेटी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वहीं, 14 वर्षीय छोटी बेटी ने बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया।
घायल किशोरी किसी तरह घर से बाहर भागी और शोर मचाने लगी। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गाजियाबाद डबल मर्डर में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 45 वर्षीय राजा अंसारी, निवासी अररिया, बिहार के रूप में हुई है। घटना खोड़ा थाना क्षेत्र के लोकप्रिय विहार की बताई जा रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
बेटा नहीं होने को लेकर विवाद का आरोप
परिवार में बेटा नहीं होने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
छोटी बेटी ने भागकर बचाई जान
वारदात के दौरान 14 वर्षीय बेटी भी आरोपी के हमले की चपेट में आ गई। वह किसी तरह आरोपी से बचकर घर से बाहर निकली और मदद के लिए शोर मचाया। पड़ोसियों के पहुंचने के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। घायल किशोरी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
0 Comments